खरगोन। गायत्री परिवार द्वारा गुरु माता एवं अखंड दीप के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही ’श्रद्धा संवर्धन यात्रा’ का 31 वें दिवस को ग्राम भीलगांव में दिव्य आगमन हुआ। गांव के युवाओं द्वारा पुष्प वर्षा कर रथयात्रा का भव्य स्वागत किया गया। गांव के दंपतियों ने रथ पर विद्यमान शक्तिकलश एवं अखंडदीप का भावभरा पूजन- अर्चन किया। मातृशक्ति द्वारा विगत 98 वें वर्षों से निरंतर प्रज्वलित अखंडदीप की आरती उतारी गई।
स्वागत पश्चात ग्रामीणों के बीच रथयात्रा को लेकर महत्वपूर्ण संगोष्ठी हुई। इसमें गायत्री शक्तिपीठ कसरावद के पुरोहित रामजी पाटीदार ने रथयात्रा के उद्देश्य को लेकर ग्रामीणों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष 2026 में माताजी के जन्म शताब्दी वर्ष के पूर्व इस रथयात्रा के माध्यम से संपूर्ण राष्ट्र को व्यसन मुक्त बनाकर व्यसन की ऊर्जा को सृजन में लगाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। इसके साथ ही पूरे देश को पालीथिन से मुक्त कर स्वच्छता को अपनाने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण हो
कार्यक्रम पश्चात माताजी की याद में सभी ने मिलकर सामूहिक रूप से वृक्षारोपण का कार्य भी किया। गांव की ही जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनु बाईं भारत सिंह तंवर और सरपंच श्रीमती लता जयसिंह मंडलोई द्वारा दो स्थानों पर त्रिवेणी रोपण का महती कार्य संपन्न हुआ। इस अवसर पर युवा उद्यमी राजेश तंवर, दिलीप राठौर, सत्यम राठौर, लोकेंद्र सिंह राठौर, सहित गांव के गणमान्यजन उपस्थित थे।
शुक्रवार को ग्राम ढालखेड़ा से शुरू हुई यह यात्रा ग्राम बालसमुद, भीलगांव, डोंगरगांव होते हुए सायं समय ग्राम बोथु पहुंची। यहां ग्रामीणों द्वारा यात्रा का स्वागत पूजन होने के पश्चात रात्रिकालीन दीपयज्ञ का आयोजन हुआ। रामजी पाटीदार ने इस अवसर पर ग्रामीणों को युग ऋषि का संदेश सुनाया। कार्यक्रम के अंत में सबके उज्जवल भविष्य की कामना से दीपयज्ञ में भावभरी आहूतियां समर्पित की गईं।