खरगोन। जिले में बड़वाह-धामनोद स्टेट हाईवे निर्माण कार्य को लेकर किसानों का विरोध तेज हो गया है। भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत एवं प्रभावित किसानों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर खेतों में बिना पूर्व सूचना पोल गाड़ने की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई है।
किसानों का कहना है कि प्रशासन द्वारा कई बार मौखिक आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर लिखित रूप से निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे किसानों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
ज्ञापन में किसानों ने मांग की है कि डच्त्क्ब् और एसडीएम के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की जाए। साथ ही मुआवजा राशि में वृद्धि, क्लस्टर सिस्टम की स्पष्ट जानकारी, सड़क की ऊंचाई कम रखने, खेतों तक पहुंच मार्ग सुनिश्चित करने तथा जल निकासी और सिंचाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की गई है।
किसानों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक सभी मांगों का लिखित रूप से निराकरण नहीं होता, तब तक हाईवे निर्माण से जुड़े पोल गाड़ने सहित अन्य कार्यों को रोका जाए।
फिलहाल मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई और बातचीत पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।