नीमच। महावीर इंटरनेशनल के 52वें स्थापना दिवस के अवसर पर महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी द्वारा रविवार सुबह शुभप्रभात मित्र मंडल, नीमच में जीवन रक्षक किट वितरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अशोक जैन ने जीवन रक्षक किट के उपयोग, उसके महत्व तथा किट में उपलब्ध तीन आवश्यक दवाओं का किस परिस्थिति में और किस प्रकार सेवन करना चाहिए, इसकी विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी की अध्यक्ष रज़िया अहमद ने डॉ. अशोक जैन को आईएमए (आईएमए) लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड प्राप्त होने पर माला, दुपट्टा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में शुभप्रभात मित्र मंडल के अध्यक्ष टोनी वधवा एवं संस्थापक अध्यक्ष शिव माहेश्वरी का स्वागत आशा सांभर ने माला एवं दुपट्टा पहनाकर किया। वहीं महावीर इंटरनेशनल केंद्र के अध्यक्ष प्रदीप धाकड़ ने दिलीप चौधरी का स्वागत किया।
इस दौरान शुभप्रभात मित्र मंडल से जुड़े सभी पुरुषों एवं महिलाओं को 100 जीवन रक्षक किट तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी वाला फ्लायर वितरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को अंकुरित आहार एवं फल भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में संस्थापक अध्यक्ष शिव माहेश्वरी ने आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष रज़िया अहमद ने कहा कि जीवन रक्षक किट परियोजना संस्था की सबसे महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी पहल में से एक है।