शाजापुर। अवंतीपुर बड़ोदिया थाना पुलिस ने विद्युत तार चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 8 बंडल एल्युमिनियम विद्युत तार, घटना में प्रयुक्त लोडिंग वाहन और तार काटने में इस्तेमाल लोहे का कटर जब्त किया है। जब्त मशरूके की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास के क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
पुलिस के अनुसार, अवंतीपुर बड़ोदिया थाना क्षेत्र में मध्यप्रदेश विद्युत मंडल (MPEB) के 12 बंडल विद्युत तार अज्ञात आरोपियों द्वारा चोरी किए गए थे। MPEB अधिकारियों की रिपोर्ट पर थाना अवंतीपुर बड़ोदिया में अपराध क्रमांक 255/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज से मिला सुराग-
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी बेरछा डॉ. नागेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। थाना प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने आसपास के क्षेत्रों एवं मुख्य मार्गों पर लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पगरावद-पीपलरावा रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा-
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने पगरावद-पीपलरावा रोड पर घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजह़रुद्दीन पिता अली मोहम्मद, फिरोज पिता हसन अली, शाहरुख पिता शेर खां और मोहसिन खां पिता इमरान खां के रूप में हुई है।
आरोपियों के कब्जे एवं लोडिंग वाहन क्रमांक MP 09 GH 0440 से MPEB के चोरी किए गए 8 बंडल एल्युमिनियम विद्युत तार बरामद किए गए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का कटर और लोडिंग वाहन भी जब्त किया है।
पूछताछ में एक अन्य वारदात का भी खुलासा-
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ग्राम पुवाड़िया, थाना अवंतीपुर बड़ोदिया क्षेत्र में हुई विद्युत तार चोरी की वारदात में भी संलिप्तता स्वीकार की है। इस मामले में अपराध क्रमांक 152/26, धारा 303(2), 324(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अजह़रुद्दीन के विरुद्ध थाना सिद्दीकगंज एवं आष्टा में विद्युत तार चोरी के चार पूर्व प्रकरण दर्ज होना भी सामने आया है। अन्य मामलों में आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक बृजेश मिश्रा, आरक्षक 140 श्रवण सिन्हा, प्रधान आरक्षक 64 रसूल रावत, आरक्षक 156 कमलेश आवले, आरक्षक 144 सुमित पटेल, आरक्षक 125 बल्लू वर्मा, आरक्षक 259 ललित वर्मा, आरक्षक 263 मेहरबान, आरक्षक 550 रवि राठौर, आरक्षक चालक 569 हेमंत, सैनिक 54 ओमप्रकाश तथा साइबर सेल शाजापुर के सैनिक 516 घनश्याम राजपूत की विशेष भूमिका रही।
CCTV उपलब्ध कराने वाले नागरिकों का आभार-
चोरी की वारदात के खुलासे में जागरूक नागरिकों ने अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज उपलब्ध कराकर पुलिस को महत्वपूर्ण सहयोग दिया। पुलिस ने संबंधित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए जनसहयोग की सराहना की है। पुलिस के अनुसार सहयोग करने वाले नागरिकों को सम्मानित भी किया जाएगा।