इंदौर। गणेश उत्सव के पावन अवसर पर इंदौर पुलिस ने यातायात सुरक्षा को लेकर एक अनोखी और प्रेरणादायी पहल की शुरुआत की है। शहर के व्यस्ततम व्हाइट चर्च चौराहे पर इंदौर पुलिस की टीम भगवान गणेश के रूप में कलाकारों के साथ सड़क पर उतरी और आम लोगों को ट्रैफिक नियमों के पालन का संदेश दिया।
गणेश जी के स्वरूप ने दिया सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और ट्रैफिक सिग्नल्स का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान भगवान गणेश का रूप धरे कलाकार ने लोगों को समझाया कि ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना कितना घातक हो सकता है। ‘विघ्नहर्ता’ ने लोगों को दुर्घटनाओं के रूप में आने वाले विघ्नों से बचने के लिए सुरक्षा नियमों को अपनाने का आशीर्वाद दिया।
नियम मानने वालों को पुलिस ने फूल देकर किया सम्मानित
सड़क पर जो वाहन चालक पूरे नियमों के साथ चल रहे थेकृजैसे हेलमेट पहने दोपहिया सवार और सीट बेल्ट लगाए कार चालककृउन्हें पुलिस और भगवान गणेश के स्वरूप द्वारा फूल देकर सम्मानित व प्रोत्साहित किया गया। पुलिस के इस सकारात्मक व्यवहार की आम नागरिकों ने काफी सराहना की।
नागरिकों ने लिया सुरक्षा का संकल्प
इस अनूठे अभियान को देखने के लिए चौराहे पर बड़ी संख्या में राहगीर और श्रद्धालु एकत्रित हुए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं और आम नागरिकों ने स्वयं सुरक्षित ड्राइविंग करने और दूसरों को भी ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इंदौर पुलिस की इस रचनात्मक पहल की पूरे शहर में चर्चा हो रही है।