शाजापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शाजापुर जिले के शुजालपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता, पौधरोपण और सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार झाड़ू और सफाई उपकरण लेकर सड़क पर उतरे और विद्यार्थियों, कार्यकर्ताओं व अधिकारियों के साथ मिलकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया।
अभियान की शुरुआत दुर्गा मंदिर से जेएनएस महाविद्यालय तक की गई। इस दौरान सड़क, स्कूल और कॉलेज परिसर की सफाई के साथ पौधरोपण भी किया गया। गांधी पार्क के सामने एक नाले में गंदगी देखकर मंत्री परमार ने खुद सफाई शुरू कर दी। वे करीब 35 मिनट तक विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं के साथ नाले की सफाई करते रहे। नाले से निकले कचरे को नगर पालिका के वाहनों से हटवाया गया।
सफाई के दौरान मंत्री ने नाले की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्हें बताया गया कि अस्पताल से गांधी पार्क तक नाले के ऊपर बने खुले सफाई चौंबरों में मरीजों और उनके बच्चे गिरकर घायल हो चुके हैं। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को चौंबरों को लोहे की जाली या अन्य सुरक्षित व्यवस्था से ढकने के निर्देश दिए।
इसके बाद शासकीय जेएनएस महाविद्यालय परिसर में नीम, पीपल और बरगद के पौधे लगाए गए, जिसे त्रिवेणी पौधरोपण के रूप में किया गया। मंत्री ने विद्यार्थियों और मौजूद लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर की शुरुआत भी की गई। मंत्री ने जरूरतमंद मरीजों, गर्भवती महिलाओं और थैलेसीमिया व कैंसर से पीड़ित मरीजों के लिए लोगों से रक्तदान करने की अपील की।
वहीं, शारदा सांदीपनि विद्यालय में भी छात्र-छात्राओं के साथ पौधरोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर शाम को शाजापुर जिले में दीपदान कार्यक्रम भी आयोजित किया जाना है।