नीमच। नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यातायात पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन वाहन जब्त कर उनके चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात सूबेदार सोनू बड़गुर्जर एवं उनकी टीम ने 4 जुलाई को बस स्टैंड क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान कार क्रमांक MP-14 CC-8746, DL-2 CAY-6996 एवं RJ-27 CF-7857 के चालक वाहन लहराते हुए चलते मिले। पूछताछ के दौरान चालकों के मुंह से शराब की दुर्गंध आने पर उनका ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण किया गया, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि हुई।
इसके बाद तीनों चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहनों को जब्त कर सुरक्षित रूप से थाने में खड़ा कराया गया। संबंधित प्रकरणों को नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अलावा यातायात पुलिस ने 4 एवं 5 जुलाई को विशेष अभियान चलाकर कुल 63 चालान बनाए तथा 28,300 रुपये का समन शुल्क वसूला।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा वाहनों में फर्राटेदार साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और सर्च लाइट का उपयोग न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।