नीमच। सोमवार को नीमच जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को तेज गर्मी व उमस से राहत मिली। कई स्थानों पर दिनभर रुक-रुक कर बारिश का दौर चलता रहा।
हालांकि जिले में मानसून की रफ्तार अभी भी पिछले वर्ष की तुलना में धीमी बनी हुई है। लू वर्षाकाल में अब तक जिले में 206.1 मिमी (8.11 इंच) औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 315.1 मिमी (12.41 इंच) वर्षा हुई थी। यानी इस बार अब तक 109 मिमी (4.29 इंच) कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार 1 जून से 6 जुलाई (सुबह 8 बजे तक) नीमच तहसील में 229 मिमी (9.02 इंच), सिंगोली में 226.7 मिमी (8.93 इंच), जावद में 202 मिमी (7.95 इंच) और मनासा में 167 मिमी (6.57 इंच) वर्षा दर्ज की गई है।
बीते 24 घंटों में जिले में औसतन 4.7 मिमी (0.19 इंच) वर्षा हुई। इस दौरान मनासा में 14 मिमी (0.55 इंच) और नीमच में 5 मिमी (0.20 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि जावद और सिंगोली तहसीलों में वर्षा दर्ज नहीं हुई।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मानसून और सक्रिय होने की संभावना है। प्रदेश के 23 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नीमच और मंदसौर सहित मालवा क्षेत्र में भी अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर तेज बारिश होने के संकेत हैं।
प्रदेश में मानसून सक्रिय, 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट-
प्रदेशभर में मानसून सक्रिय है और अब तक औसतन 6.4 इंच वर्षा दर्ज की जा चुकी है। रविवार को 20 से अधिक जिलों में तेज बारिश हुई, जबकि मौसम विभाग ने सोमवार को 23 जिलों में अति भारी एवं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार सागर, दमोह, बैतूल, देवास, आलीराजपुर, उमरिया, सिवनी, छिंदवाड़ा और अनूपपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रतलाम, उज्जैन, धार, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, गुना, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और पन्ना में भारी वर्षा की संभावना है।
इसके अलावा नीमच, मंदसौर, भोपाल, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, अशोकनगर, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, आगर-मालवा और राजगढ़ सहित कई जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।