शिवपुरी। पिछोर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद पिछोर में हाल ही में हुए कथित हमले और उसके बाद कार्रवाई न होने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंदोलन का रुख अपनाया है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों कांग्रेस द्वारा शांतिपूर्ण सांकेतिक धरना प्रदर्शन के दौरान कुछ नकाबपोश लोगों ने लाठी-डंडों और सरियों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया था। इस घटना में कई कार्यकर्ता घायल हो गए थे। आरोप है कि इस दौरान मारपीट, लूटपाट और चोरी जैसी घटनाएं भी हुईं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि घटना के बाद साक्ष्यों सहित आवेदन प्रस्तुत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश है।
इसी के विरोध में पिछोर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 5 जुलाई से 9 जुलाई तक पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन करने की अनुमति के लिए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र के आम नागरिकों को न्याय मिल सके।