चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद सी.पी. जोशी ने चित्तौड़गढ़ बाईपास (रारा-27 को रारा-48 से जोड़ने वाली) परियोजना के लिए भारत सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा इस संबंध में राजपत्र अधिसूचना प्रकाशित की गई है।
सांसद जोशी ने बताया कि यह महत्वपूर्ण बाईपास परियोजना गंगरार तहसील के अंतर्गत आने वाले डेट, भवानीपुरा, मेडीखेड़ा, शिवपुरा तथा बस्सी तहसील के आंवलहेड़ा बिलिया, नगरी तथा गुर्जरखेड़ा सहित कई गांवों की भूमि से होकर गुजरेगी। इन गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारम्भ करने के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ बाईपास परियोजना वर्षों से क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता रही है। इस परियोजना के पूर्ण होने से शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा, यातायात अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनेगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवागमन तेज होगा। साथ ही चित्तौड़गढ़ के औद्योगिक, व्यापारिक एवं पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी।
सांसद जोशी ने कहा कि भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी होना परियोजना के क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे निर्माण कार्य का मार्ग प्रशस्त होगा तथा क्षेत्रवासियों को शीघ्र ही इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र में भी राष्ट्रीय राजमार्गों एवं सड़क विकास से जुड़ी अनेक परियोजनाओं को स्वीकृति एवं गति मिली है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल रही है।
गौरतलब हैं की विगत के 12 वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से संसदीय क्षेत्र में किशनगढ़ से अहमदाबाद के लिये सिक्स लेन कार्य, देसुरी से भटेवर नेशनल हाईवे, प्रतापगढ़ बाईपास, देबारी बाईपास, मंगलवाड़ बाईपास, केन्द्रीय सड़क निधि की 16 सड़कों का निर्माण, सर्विस रोड़, अण्डरपास एवं ओवरब्रिजों का निर्माण किया गया हैं जो की विगत 60 वर्षों में हुये कार्यों से कहीं अधिक हैं।