नीमच। शहर में पहली बार विद्वान ब्राह्मणों के मार्गदर्शन में विवाह योग्य युवकों के शीघ्र विवाह के लिए सामूहिक अर्क विवाह धार्मिक अनुष्ठान का भव्य आयोजन आगामी 22 जुलाई (बुधवार) को किया जाएगा। यह कार्यक्रम भडली नवमी के अबूझ शुभ मुहूर्त पर श्री परशुराम महादेव मंदिर परिसर, चौरडिया हॉस्पिटल के पास आयोजित होगा।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसमें शामिल होने वाले युवकों के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 18 जुलाई तक जारी रहेगी। आयोजन का शुभारंभ 22 जुलाई को सुबह 10रू30 बजे से किया जाएगा।
आयोजक पंडित लक्ष्मण शास्त्री एवं पंडित जय प्रकाश शास्त्री ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार अर्क विवाह एक प्राचीन वैदिक अनुष्ठान है, जिसका उल्लेख धर्मसिंधु ग्रंथ में भी मिलता है। इसे खेजड़ी और शमी विवाह से भी अधिक प्रभावी और प्रामाणिक माना गया है।
जानकारी के अनुसार अर्क विवाह में विवाह योग में बाधा, मांगलिक दोष, ग्रहों की अशुभ स्थिति, विवाह में विलंब या संबंध टूटने जैसी कुंडली संबंधी बाधाओं के निवारण हेतु प्रतीकात्मक रूप से अर्क (आकड़ा) के पौधे से विवाह कराया जाता है।
आयोजन समिति ने बताया कि पंजीयन अनिवार्य रहेगा और इसके लिए श्री ज्योतिष कार्यालय, घंटाघर के पास तथा श्री मृत्युंजय ज्योतिष परामर्श केंद्र, कमल चौक नीमच में आवेदन किए जा सकते हैं। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और विवाह योग्य युवकों में उत्साह देखा जा रहा है।