खंड़वा। कमलनाथ सरकार के दौरान कृषि मंत्री रहे सचिन यादव बुधवार को खंडवा पहुंचे। यहां वे किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्याम यादव के परिवार में तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल हुए। दरअसल, सचिन यादव के बड़े भाई पूर्व पीसीसी चीफ अरूण यादव है। जिनके लिए खंडवा संसदीय सीट परपंरागत रही है। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने इस सीट पर अभी चेहरा घोषित नहीं किया है। मीडिया के इसी सवाल पर सचिन ने कहा कि जल्द ही पार्टी उम्मीदवार घोषित कर देगी। खुद के चुनाव लड़ने पर कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है।
सचिन यादव फिलहाल उनके गृहक्षेत्र कसरावद विधानसभा सीट से विधायक है। खंडवा लोकसभा सीट पर जब पार्टी ने अरूण यादव से चौथी बार चुनाव लड़ने के लिए कहा तो उन्होंने मना कर दिया था। वजह स्पष्ट थी कि वो मोदी लहर में 2014 और 2019 का चुनाव लगातार हार चुके है। तब से उन्होंने खंडवा संसदीय क्षेत्र से दूरी भी बना ली। अब अरूण यादव की जगह उनके विधायक भाई सचिन यादव के चुनाव लड़ने की अटकलें है। लेकिन सचिन यादव ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है, सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद भी टिकट दिया जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि चुनाव को लेकर सभी कार्यकर्ता पूर्ण रूप से तैयार है। केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बने इसके लिए सभी तत्पर है। वे लोग (भाजपा) कितने ही प्रयास कर लें लेकिन कांग्रेस की सरकार बनकर रहेगी। इस बार मध्यप्रदेश में हम छिंदवाड़ा ही नहीं बल्कि पूरी 29 की 29 सीटेंगे जीतेंगे। मोदी की सभी गारंटियां फेल साबित हुई है। प्रदेश सरकार ने भी किसानों के साथ धोखा किया। जो वादे किए गए, वो पूरी नहीं हुए। कमलनाथ सरकार ने महज 15 महीने के कार्यकाल के दौरान 28 लाख किसानों का कर्जामाफ किया था। कांग्रेस जो कहती है वो करती है। जो लोग छाती ठोंककर गारंटी दे रहे है, उन गारंटी की वारंटी का कोई आता-पता नहीं है।