खरगोन। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन पुलिया में लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। कोठा बुजुर्ग से उमरखली मार्ग पर बनी वैकल्पिक पुलिया के कीचड़ में मंगलवार को एक एंबुलेंस फंस गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की मदद से एंबुलेंस को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान गर्भवती महिला को लेने आई एक आपातकालीन कॉल भी रद्द करनी पड़ी और परिजनों को उसे निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाना पड़ा।
एंबुलेंस चालक राहुल मंडलोई ने बताया कि मरीज को छोड़कर लौटते समय वाहन कीचड़ में धंस गया। फंसे रहने के दौरान एंबुलेंस की क्लच प्लेट सहित अन्य पुर्जे भी क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से काफी प्रयास के बाद एंबुलेंस को बाहर निकाला।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब 20 दिन पहले पुरानी पुलिया की खुदाई की गई थी, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य बंद पड़ा है। बारिश के कारण वैकल्पिक मार्ग पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया है, जिससे वाहन लगातार फंस रहे हैं और क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
इस मार्ग से जुड़े 10 से अधिक गांवों के लोग रोजाना परेशानी का सामना कर रहे हैं। यात्री बसों का संचालन भी प्रभावित हो गया है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। स्थानीय निवासी मनोज कुमरावत ने निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।
वहीं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के इंजीनियर संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि लगातार बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने जल्द ही पुलिया का निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने का आश्वासन दिया है।