मुरैना। कैलारस वन क्षेत्र में खैर के पेड़ों की कथित अवैध कटाई को लेकर वन विभाग के कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कन्हार निवासी गौरव शर्मा ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में सैकड़ों बीघा जंगल में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई हुई है और इसकी शिकायत उन्होंने जिला प्रशासन से की है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने फरवरी माह में सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत इस मामले में जानकारी मांगी थी, लेकिन उन्हें संतोषजनक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद उन्होंने मुरैना के वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) कार्यालय में भी सूचना मांगी, जहां भी जानकारी नहीं मिलने का आरोप लगाया गया।
गौरव शर्मा ने मंगलवार को मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ को शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि मामले की गंभीरता से जांच की जाए तो अवैध कटाई की सच्चाई सामने आ सकती है।
शिकायत में वन विभाग के कुछ अधिकारियों पर कथित मिलीभगत के आरोप भी लगाए गए हैं। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि क्षेत्र में अब भी अवैध कटाई जारी है। शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
फिलहाल इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कलेक्टर ने शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार जांच कराने का आश्वासन दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की पुष्टि या खंडन हो सकेगा।