मंदसौर। शहर के सर्किट हाउस के पास मंगलवार रात करीब 10 बजे सड़क हादसे में कार सवार दो दोस्त घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब उनकी कार आगे चल रही पिकअप से पीछे से टकरा गई। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, हुंडई आई-20 कार में उज्जैन निवासी संजय साहू (25) और मंदसौर के अभिनंदन नगर निवासी ओम सोनी (22) सवार थे। दोनों दोस्त नयाखेड़ा से चाय पीकर मंदसौर लौट रहे थे। इसी दौरान सर्किट हाउस के पास आगे चल रही पिकअप के अचानक ब्रेक लगाने से कार अनियंत्रित होकर पीछे से उसमें जा भिड़ी।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ओम सोनी के चेहरे और हाथ में चोटें आईं, जबकि संजय साहू के चेहरे, सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें लगीं। चिकित्सकों के अनुसार, संजय के चेहरे पर करीब 20 टांके लगाए गए हैं।
बताया गया कि संजय साहू अपने मित्र ओम सोनी से मिलने उज्जैन से मंदसौर आए थे। दोनों नयाखेड़ा में चाय पीने गए थे और वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है।