नीमच। गांधी वाटिका क्षेत्र स्थित करीब 65 वर्ष पुरानी जर्जर श्बेधड़क बिल्डिंगश् का हिस्सा सोमवार देर रात गिरने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने मौके का निरीक्षण कर भवन मालिक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन के निर्देश के बाद भवन मालिक ने स्वेच्छा से मजदूर लगाकर भवन के सामने के खतरनाक एवं जर्जर हिस्से को हटाने का कार्य शुरू करा दिया।
उल्लेखनीय है कि सोमवार रात करीब 11 बजे भवन का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया था। घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद प्रशासन ने भवन की स्थिति का आकलन कर जनसुरक्षा की दृष्टि से तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
भवन मालिक ने प्रशासन से शेष जर्जर हिस्से को सुरक्षित तरीके से हटाने में सहयोग की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना की आशंका न रहे। वहीं, क्षेत्रवासियों ने समय रहते कार्रवाई शुरू होने पर राहत जताई है।