शाजापुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 9 जुलाई 2026 को प्रस्तावित कालापीपल दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, कलेक्टर ऋजु बाफना और पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने कार्यक्रम स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ऋजु बाफना ने हेलीपेड, रोड शो मार्ग और कार्यक्रम स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने जनपद पंचायत कालापीपल के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने और कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजकुमार हलदर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।