नीमच। शहर के नागरिकों को मतदान के लिये जागरूक करने व आने वाली 13 मई, 2024 को लोकसभा निर्वाचन में शत, प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिये नगरपालिका परिषद्, नीमच द्वारा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश जैन के निर्देश पर एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी महेन्द्र वशिष्ठ के मार्गदर्शन में नीमच शहर मतदाता जागरूकता वाहन रैली निकाली गई। वाहन रैली का शुभारंभ एसडीएम ममता खेडे ने हरी झंडी दिखाकर किया। वाहन रैली नगरपालिका कार्यालय से लायन्स चौराहा, विजय टॉकीज चौराहा, कमल चौक, फव्वारा चौक, मैसी शौ-रूम चौराहा, अम्बेडकर रोड़ होते हुए नगरपालिका कार्यालय पर रैली का समापन हुआ। रैली में कार्यालय अधीक्षक कन्हैयालाल शर्मा, एनयूएलएम प्रभारी प्रवीण आर्य, उपयंत्री अरविन्द सिंह, धर्मेन्द्र बुन्देला, स्वास्थ्य अधिकारी घनश्याम नागदा सहित नगरपालिका के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
सारे काम छोड़ दो-सबसे पहले वोट दो -
मतदाता जागरूकता वाहन रैली में नगरपालिका के अधिकारी व कर्मचारी हाथों में मतदाता जागरूकता के नारे लिखी तख्तियां लिये तथा सारे काम छोड़ दो-सबसे पहले वोट दो व देश का गर्व-मतदान का पर्व, अपना फर्ज निभाना है-वोट डालने जाना है, जैसे नारे लगाते हुए चल रहे थे। आगे-आगे नगरपालिका का मतदाता जागरूक रथ पर मतदाता जागरूकता गीत बज रहे थे। साथ ही माईक द्वारा नागरिकों को मतदान के लिये जागरूक किया जा रहा था।