नीमच। मप्र तैराकी संघ द्वारा 9 से 12 जून तक ग्वालियर में मप्र राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में नीमच जिले के 29 खिलाड़ियों एवं दो कोच ने भाग लिया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में नीमच जिले की टीम ने 85 मेडल, चार नये स्टेट रिकार्ड के साथ हांसिल किए। नीमच स्वींमिंग फ्लाई स्पोर्ट्स क्लब नीमच की इस टीम के सभी तैराकों और कोच ने टीम मार्गदर्शक डॉ. मनीष चमड़िया, मेंटर कोच प्रभु भाई मूलचंदानी, टीम मोटीवेटर राकेश कोठारी के साथ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी 29 खिलाडियों के साथ कलेक्टर दिनेश जैन से भेंट की।
सोमवार को कलेक्टोरेट नीमच में आयोजित सादे समारोह में कलेक्टर दिनेश जैन ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर मैडल हांसिल करने वाले सभी खिलाडियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर एवं मैडल पहनाकर, स्वागत किया और तैराकी में नीमच जिले के साथ ही प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने के लिए अग्रिम शुभकामनांए दी। कलेक्टर जैन ने कोच नीलेश घावरी, आयुष गौड, अभिषेक अहीर, रोहित अहीर एवं सुधा सोलंकी से परिचय प्राप्त कर उन्हें भी शुभकामनाएं दी।
कलेक्टर ने अपने उद्बोधन में कहा कि नीमच के तैराकों ने स्वींमिंग में नीमच जिले का नाम रोशन किया है वे अपनी स्वीमिंग प्रतिभा को निरंतर बनाए रखे। तैराकी खिलाड़ियों की सफलता में अभिभावकों और कोच का भी बहुत योगदान है। कलेक्टर ने कहा कि नीमच में स्वीमिंग का अच्छा अवसर है, स्वीमिंग पुल है। मनासा में भी जल्दी ही स्वीमिंग पुल प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्वीमिंग से फिजिकली फिट रहते हैं। कलेक्टर ने सभी खिलाडियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी मप्र व देश का नाम रोशन करने की अपेक्षा की है।