मनासा। ग्राम भारती मनासा द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिरों के बरलाई एवं खड़ावदा संकुल का संयुक्त संकुल स्तरीय आचार्य दक्षता वर्ग बरलाई में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में दोनों संकुलों के करीब 30 आचार्य एवं दीदियों ने सहभागिता कर शिक्षण दक्षता बढ़ाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुरेश कुमार पाटीदार बरथुन (सदस्य, ग्राम भारती मनासा एवं अंग्रेजी-हिंदी विषय के मास्टर ट्रेनर, मध्यप्रदेश) तथा राजेश पाटीदार (सदस्य, ग्राम भारती मनासा) के आतिथ्य में हुआ। अतिथियों ने मां सरस्वती, प्रणवाक्षर 'ॐ' एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया।
प्रशिक्षण के दौरान वंदना अभ्यास के साथ-साथ सुरेश कुमार पाटीदार ने हिंदी व्याकरण, अंग्रेजी व्याकरण एवं वर्णमाला के प्रभावी शिक्षण की बारीकियों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। अंतिम सत्र में जिला प्रमुख संतोष मेवाड़ा ने पंचपदी शिक्षण पद्धति पर जानकारी देते हुए शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के गुर बताए।
कार्यक्रम का संचालन संकुल प्रमुख निलेश शर्मा (बरलाई) ने किया। अतिथियों का स्वागत पवन चौहान, संकुल प्रमुख खड़ावदा ने किया, जबकि अंत में आभार भी उन्होंने ही व्यक्त किया। इस संबंध में जानकारी संस्था प्रधान एवं जिला प्रचार प्रमुख हीरालाल रावत ने दी।