चित्तौड़गढ़। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (ग्रेड सेकेंड) प्रतियोगी परीक्षा का पहला दिन शनिवार को जिले में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और त्रिस्तरीय जांच के बीच परीक्षा आयोजित की गई। पहली पारी में कुल 70.77 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।
सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित प्रथम पारी में सामान्य ज्ञान (जनरल नॉलेज) का प्रश्नपत्र हुआ। इस पारी के लिए कुल 4,016 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2,842 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,174 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की आवाजाही शुरू हो गई थी। प्रवेश से पूर्व सभी अभ्यर्थियों की पहचान, प्रवेश पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद त्रिस्तरीय सुरक्षा जांच पूरी होने पर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा के दौरान प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण करते रहे, जिससे परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई।
दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5.30 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें सोशल साइंस विषय का प्रश्नपत्र होगा। दूसरी पारी के लिए भी 4,016 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दूसरी पारी में अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। दोपहर 2 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार दूसरी पारी में भी पहली पारी की तरह सुरक्षा, जांच और परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं यथावत लागू रहेंगी, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।