देवास। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में 11 से 18 जुलाई 2026 तक विशेष जनसंख्या स्थिरीकरण एवं परिवार नियोजन जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत आमजन को जनसंख्या नियंत्रण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा परिवार नियोजन के सुरक्षित एवं आधुनिक साधनों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
विश्व जनसंख्या दिवस पर जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इस वर्ष की थीम ष्माँ और बच्चे के कल्याण तथा अनचाहे गर्भ को रोकने के लिए गर्भधारण के बीच स्वस्थ समय और अंतरष् पर विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. शाहिद शेख ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर परिवार नियोजन के आधुनिक, सुरक्षित एवं प्रभावी साधनों की जानकारी देंगी तथा पात्र दंपत्तियों को अपनी आवश्यकता के अनुसार उचित विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी।
उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं अन्य मैदानी स्वास्थ्य कर्मचारी गृहभेंट, सास-बहू सम्मेलन, ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस सहित विभिन्न सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे। इस दौरान विवाह के बाद पहले बच्चे के जन्म में कम से कम दो वर्ष का अंतर तथा पहले और दूसरे बच्चे के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर रखने के महत्व पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर हो सके।
अभियान के तहत देवास शहर के मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर, संजय नगर में भी परिवार नियोजन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दंपत्तियों एवं महिलाओं को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों और उनके लाभों की जानकारी दी गई।