देवास। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास द्वारा तीन दिवसीय ‘कम्युनिटी मीडिएशन’ (सामुदायिक मध्यस्थता) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। 11 से 13 जुलाई 2026 तक आयोजित इस 20 घंटे के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में आपसी विवादों का सौहार्दपूर्ण एवं न्यायालय के बाहर समाधान करने के लिए प्रशिक्षित सामुदायिक मध्यस्थ तैयार करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। मुख्य प्रशिक्षक एमसीपीसी की वरिष्ठ प्रशिक्षक रीमा भंडारी (नई दिल्ली) तथा एसोसिएट ट्रेनर के रूप में सेवानिवृत्त प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. मोहम्मद शमीम विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संघर्ष की प्रकृति एवं कारण, संघर्ष प्रबंधन, मध्यस्थता की अवधारणा, मध्यस्थता प्रक्रिया के विभिन्न चरण, संचार कौशल, समझौता वार्ता, गतिरोध समाप्त करने की तकनीक तथा समझौता लेखन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार इस प्रशिक्षण से तैयार होने वाले सामुदायिक मध्यस्थ भविष्य में स्थानीय स्तर के विवादों का आपसी सहमति और संवाद के माध्यम से समाधान कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, जिससे न्यायालयों पर मामलों का भार भी कम होगा।