नीमच। मध्यप्रदेश शासन द्वारा 5 जून से 16 जून तक जलस्त्रोंतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन हेतु संचालित जलगंगा संवर्द्धन अभियान के तहत नगरपालिका परिषद् नीमच द्वारा नपाध्यक्ष स्वाति-गौरव चौपड़ा के मार्गदर्शन व प्रभारी सीएमओ चंद्रसिंह धार्वे के नेतृत्व में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई। अभियान के अंतिम दिन 16 जून रविवार को किलेश्वर मंदिर प्रांगण में सायं 5 बजे से अभियान का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक दिलीपसिंह परिहार व जिला कलेक्टर दिनेश जैन ने अल्पवर्षा के बावजूद ग्रीष्मऋतु में नगरपालिका परिषद् नीमच की अध्यक्ष स्वाति-गौरव चौपड़ा के मार्गदर्शन में की गई पेयजल व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि अल्पवर्षा से जाजूसागर बांध में पर्याप्त पानी संग्रहित नहीं होने के बावजूद नगरपालिका द्वारा शिवाजी सागर बांध से पानी की समय पूर्व व्यवस्था करने एवं पेयजल के अपव्यय को रोकने जैसे प्रयासों के कारण नागरिकों को भीषण गर्मी में भी जलसंकट जैसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा। नगरपालिका की व्यवस्था सराहनीय रही।