खरगोन। प्रदेश के साथ खरगोन जिले में प्रवेश उत्सव मनाया गया। बच्चों की तिलक लगाकर स्कूलों में अगवानी हुई। पाठ्य पुस्तक वितरण किया गया। ग्रामीण क्षेत्र की ज्यादातर स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम रही।
मंगलवार को दोपहर 12 बजे शिक्षकों ने ढोल ढमाकों के साथ बच्चों की गांव में बैलगाड़ी पर रैली निकालकर उन्हें स्कूल पहुंचाया। प्रवेश उत्सव में बड़ी संख्या में पालक भी शामिल हुए।
जिला मुख्यालय पर उत्कृष्ट स्कूल में विधायक बालकृष्ण पाटीदार, डीईओ एसके कानूड़े की मौजूदगी में प्रवेश उत्सव का कार्यक्रम आयोजित हुआ। जबकि जिले की कसरावद तहसील के बामंदा गांव में उत्सव मनाया।
तिलक लगाकर अगवानी, किताबें मिली
खरगोन संकुल की कुकडोल स्कूल में भी प्रवेश उत्सव मनाया गया। बालिकाओं ने तिलक लगाकर स्कूल पहुंचे बच्चों की अगवानी की। इस मौके पर पुस्तकों का वितरण भी किया गया। ग्रामीण क्षेत्र की स्कूलों में प्रवेश उत्सव में शिक्षकों के अलावा पालक व जन प्रतिनिधि भी शामिल हुए।