गुना। नानाखेड़ी वार्ड क्रमांक एक में स्थित खाटूश्याम मंदिर पर बोर होने और सड़क बनने पर रहवासियों ने नगरपालिका अध्यक्ष और सीएमओ का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष का आभार माना। इस दौरान नपाध्यक्ष ने मंदिर में पूजा अर्चना की।
उल्लेखनीय है कि नानाखेड़ी वार्ड क्रमांक एक में स्थित खाटूश्याम मंदिर शहर भर के नागरिकों की आस्था का केंद्र है। यहां के रहवासियों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर पर बोरिंग और सड़क की मांग की जा रही थी। कुछ दिनों पूर्व ही नगरपालिका द्वारा यहां पर बोरिंग कराई गई। अब यहां सड़क भी बन गई। अब मंदिर तक पक्की सड़क हो गई है। बोरिंग होने और सड़क बनने पर श्री खाटूश्याम समाज कल्याण समिति नानाखेड़ी द्वारा नगरपालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता, भाजपा नेता अरविंद गुप्ता, सीएमओ तेज सिंह यादव का स्वागत किया गया। शॉल श्रीफल से उनका स्वागत किया गया।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद गुप्ता ने कहा कि वह वार्ड पार्षद राधा भगवान कुशवाह का धन्यवाद ज्ञापित करते हैं। जिस दिन से वह पार्षद बनीं, उसी दिन से खाटूश्याम मंदिर की बात उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष के सामने रखी थी। जब पेयजल संकट था, तब भी एक बोर की मांग रखी गई, ताकि यहां मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं और आस पास के नागरिकों को पेयजल मिल सके। यहां पर बोरिंग और रोड का निर्माण हो गया है। इसका पूरा श्रेय पार्षद को जाता है। नगरपालिका ने शहर में पिछले दो महीनों में ही 30 सड़कों का डामरीकरण कराया है। केवल गुना नगरपालिका ही है, जिसने रोजाना पेयजल की सप्लाय की। दूसरी नगर पालिकाओं में एक दिन छोड़कर पानी दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान पार्षद प्रतिनिधि राजेश साहू, कॉलोनी के निवासी सोनू कुशवाह, मदनलाल भील, सुनील साहू, अमित ओझा, अमर सिंह परिहार, रोशन प्रजापति, सोनू कुशवाह, वीरेंद्र कुशवाह, मोहन सिंह कुशवाह, सत्यप्रकाश शर्मा, सुरेश ठेकेदार, प्रेमनारायण साहू सहित श्रद्धालु मौजूद रहे।