नीमच। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को ध्यान में रखते हुए कनावटी स्थित नीमच की जिला जेल में इन दिनों कैदियों को योगाभ्यास कराया जा रहा है। कैदी भी पिछले 7 दिनों से योग क्रिया का पूरी तल्लीनता और उत्साह के साथ आनंद ले रहे हैं।
बताते चलें कि शासन के निर्देशानुसार जिला जेल उप अधीक्षक यशवंत कुमार मांझी के मार्गदर्शन में आयुष विभाग द्वारा 14 जून से 21 जून तक योग शिविर का आयोजन किया गया है। कल योग दिवस पर शिविर का समापन होगा। सुबह 7 बजे से 8 बजे तक योग प्रशिक्षक बालकृष्ण सोलंकी, श्वेता जोशी, डॉ बहादुर सिंह वास्केल, आनंद शर्मा, डॉ विवेक शर्मा और हरीश दास बैरागी जिला जेल में बंदियों को योगा का अभ्यास करा रहे हैं।
कैदियों को मेडिटेशन, सूर्य नमस्कार, व्याधियों से ठीक होने के आसन और प्राणायाम कराया जा रहा है। जिला जेल उप अधीक्षक ने बताया कि योग के माध्यम से कैदियों को सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना हमारा उद्देश्य है। हमारा प्रयास है कि कैदियों को योग के माध्यम से मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखा जाए। शिविर मे शामिल योग प्रशिक्षिका श्वेता जोशी ने बताया कि हम योग के द्वारा कैदियों को जेल के माहौल में तनाव मुक्त रहने के गुर सीखा रहे हैं। इन्हें आध्यात्म से जोड़ने की कोशिश भी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि नीमच की जिला जेल में कैदियों के लिए अनेक रचनात्मक और सृजनात्मक गतिविधियां समय-समय पर आयोजित की जाती है। वर्तमान में महिला कैदियों को बिड वर्क सिखाया जा रहा है।