रतलाम। 10वां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का सामूहिक कार्यक्रम बरबड़ स्थित विधायक सभागृह में हुआ। कार्यक्रम के पूर्व बारिश होने से समस्याएं आई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप एवं कलेक्टर राजेश बाथम की उपस्थिति में योग कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री ने नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के पूर्व तेज बारिश ने योग दिवस कार्यक्रम में खलल डाल दिया। अपेक्षा के अनुरुप ना तो स्कूली विद्यार्थी पहुंचे और नहीं कोई लोग। केवल प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बड़ी एलईडी के माध्यम से भोपाल से सीएम डॉ. मोहन यादव व पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा योग दिवस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भोपाल व दिल्ली से दिखाया गया।
कैबिनेट मंत्री काश्यप ने कहा कि देश के पीएम व प्रदेश के सीएम ने योग के प्रति एक अलख जगाई है। योग के प्रति आकर्षण बड़ा है। निरोगी काया का यह अभियान आज देश व दुनिया में चल रहा है। इसी अभियान के तहत उन्होंने उपस्थित जनों को नशा मुक्ति अभियान की शपथ भी दिलाई।
इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जिला पंचायत सीईओ श्रृंगार श्रीवास्तव, नगर निगम कमिश्नर हिमांशु भट्ट, जिला शिक्षा अधिकारी केसी शर्मा, महिला बाल विकास अधिकारी रजनीश सिन्हा,भाजपा नेता पवन सोमानी, अनुज शर्मा, मयूर पुरोहित आदि त सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
नहीं पहुंच पाए विद्यार्थी
योग दिवस कार्यक्रम केवल सरकारी अधिकारियों तक सीमिट कर रह गया। बारिश के कारण शुरूआत में स्कूल के विद्यार्थी नहीं पाए। कुछ देर बाद मात्र एक निजी स्कूल के विद्यार्थी स्कूल यूनिफॉर्म में पहुंचे और कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां तक पुलिस विभाग के बड़े अधिकारी भी इस योग कार्यक्रम में नजर नहीं आए।
25 दिवसीय योग शिविर
जिला पतंजलि योग समिति भारत स्वाभिमान ट्रस्ट युवा भारत एवं पांचो संगठन द्वारा 21 जून योग दिवस के उपलक्ष में 25 दिवसीय योग शिविर 15 जून से लगाया जा रहा है। अलकापुरी अटल सभागृह में आयोजित शिविर में योग साधक योग प्राणायाम का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। अभ्यास सत्र में युवा भारत राज्य प्रभारी प्रेम पूनिया द्वारा योगीग, जॉगिंग, सूर्य नमस्कार, दंड बैठक एवं कठिन आसनों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिला प्रभारी पतंजलि योग समिति उत्तम शर्मा द्वारा योग प्राणायाम एवं सूक्ष्म आसनों का अभ्यास करवाया जा रहा है। महिला पतंजलि योग समिति की राज्य कार्यकारिणी सदस्य जयश्री राठौर द्वारा सहयोग शिक्षकों की पंजीयन से पूर्ण योग शिक्षक बनने तक की भूमिका का संचालन कर रही है।