गुना। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिलेभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला स्तरीय कार्यक्रम उत्कृष्ट स्कूल में हो रहा है। कार्यक्रम में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं जिले के जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि योग अंतरात्मा से मिलन का जरिया है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी का आभार मानते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प से दस वर्ष पहले न्छ काउंसिल ने योग को दर्जा दिया और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया। हमारे देश में योग सदियों से प्रचलित है, लेकिन इसे अंतरराष्ट्रीय दर्जा 2014 में मिला। इस वर्ष हम दसवां अंतरराष्ट्रीय दिवस मना रहे हैं। इस अवसर पर सबको शुभकामनाएं।
बता दें कि कई दिनों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की तैयारियां चल रहीं थी। कलेक्टर ने पहले ही तैयारियों के संबंध में संबंधितों को निर्देशित कर दिया था। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम उत्कृष्ट स्कूल में सुबह 6 बजे से शुरू हुआ। सबसे पहले सूर्य नमस्कार किया गया। इसके बाद योग क्रियाएं की गईं। योग शिक्षकों ने सभी को योग क्रियाएं कराईं।
उधर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा भी योग दिवस मनाया गया। संजय स्टेडियम के पास स्थित स्वतंत्रता पार्क में महिला मोर्चा ने योग दिवस मनाया। मोर्चा की सदस्यों ने मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश राजपूत के नेतृत्व में योग क्रियाएं की। इस दौरान बड़ी संख्या में मोर्चा की कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।