चित्तौड़गढ़। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने आज यहां खरड़ीया महादेव मंदिर में अभिषेक, पूजन कार्यक्रम के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पेपर लीक रोकने में असफल बताने वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि कई दशकों के बाद मोदी सरकार में पहली बार राष्ट्रहित में नई शिक्षा नीति बनी है। केन्द्र सरकार ने पेपर लीक को रोकने के लिए कडे कानून बनाए है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि राजस्थान में पांच साल कांग्रेस की सरकार रही जिसनें पेपर लीक कर प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। पेपर लीक के मुख्य आरोपी सुरेश ढाका को बचाने के लिए कांग्रेस के पूर्व कानून मंत्री और वकील सलमान खुर्शीद को लाया गया। राजस्थान में जो तांडव राजीव गांधी स्टडी सर्कल, कलाम कोचिंग सेंटर और कांग्रेस नेताओं के माध्यम से मचाया गया उसका जवाब राहुल गांधी को प्रदेश की जनता को देना चाहिए। नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालयों में दुनिया से लोग पढ़ने आते थे, किसने देश की शिक्षा पर वार कर अंग्रेजियत को फैलाने का काम किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में रेलवे, हाईवे, ग्रामीण विकास, शहरी विकास, किसान, गरीब, युवा, महिला सहित हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।