नीमच। अन्तर्राष्ट्रीय शांतिदूत ब्रह्माकुमारी संस्थान ने अपनी विश्व व्यापी शाखाओं के माध्यम से 10वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एक करोड़ से अधिक लोगों को योग कार्यक्रम में सम्मिलित करने का एक रिकार्ड बनाया है। इसी के अन्तर्गत ब्रह्माकुमारीज़ नीमच सबझोन के नीमच, मनासा, रामपुरा, पिपलिया मण्डी, मल्हारगढ़, जावद, जीरन, नारायणगढ़ आदि समस्त केन्द्रों पर योग दिवस के कार्यक्रमों में 2000 से अधिक भाई बहनों ने भाग लिया। विशेषकर नीमच में नुमा शाम के धुंधलके में बहती ठंडी हवाओं के बयार के बीच. सद्भावना सभागार की विशाल छत पर हजारों पंछियों (तोतों के झुण्ड) के पुनः अपने आवासीय स्थल पर वापसी के गुंजायमान कलरव के मध्य 120 मिनिट से अधिक गहन राजयोग तपस्या का आयोजन किया गया।
इस योग कार्यक्रम में सबझोन संचालिका राजयोग तपस्विनी ब्रह्माकुमारी सविता दीदीजी ने शक्तिशाली संकल्पों की कॉमेन्ट्री देकर विश्व शांति के लिए योग तरंगे प्रवाहित की। कार्यक्रम के अंत में बीके सुरेन्द्र भाई द्वारा योग दृष्टि से शक्तिपात का अनुभव करवाया गया तथा सभी को ईश्वरीय प्रसाद वितरण किया गया।