नीमच। डॉक्टर्स को अगर भगवान का दूसरा रूप कहते हैं तो बिल्कुल सही कहते हैं। इस कथन को एक बार फिर सही साबित कर दिखाया नीमच मेडिकल कॉलेज सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ बृजेंद्र स्वरूप ने। डॉ बृजेंद्र और उनकी टीम ने नीमच के जिला चिकित्सालय में मरीज के अपेंडिक्स के जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक कर उसे 24 घंटे में चलता फिरता कर दिया।
बताते चलें कि दीपक झा नामक व्यक्ति अपने पेट के निचले दाहिने हिस्से में हो रहे दर्द से कराहते हुए जिला अस्पताल पहुंचा था। यहां दीपक की मुलाकात सर्जरी ओपीडी में डॉक्टर बृजेंद्र स्वरूप से हुई। दीपक ने बताया कि यहां मेरी जांचें हुई। रिपोर्ट निकाली गई और इस आधार पर फिर मर्ज के बारे में डॉक्टर ने मुझे अवगत कराकर भर्ती कर दिया।
डॉ बृजेंद्र ने बताया कि केस जटिल था। मरीज यहां तक काफी देरी से पहुंचा। ऑपरेशन के बाद पैदा होने वाली आशंकित विपरीत परिस्थितियों से हमने मरीज को अवगत करा दिया था। मरीज ने हम पर भरोसा किया। आंतों में सूजन थी, अपेंडिक्स फटा हुआ था और उसमे मवाद भरा हुआ था। यह आंतों का बड़ा और रिस्की ऑपरेशन था। हमने किया और नतीजा सकारात्मक निकला। ऑपरेशन के 24 घंटे बाद नीमच के जिला अस्पताल में भर्ती दीपक अब स्वस्थ महसूस कर रहा है, चल फिर रहा है।
डॉ बृजेंद्र स्वरूप ने इस कामयाब ऑपरेशन पर अपनी टीम और विशेष रूप से डीन डॉक्टर अरविंद घनघोरिया को मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। मेडिकल कॉलेज की टीम का यह कथन अब जिला अस्पताल को लेकर शहर के नागरिकों में एक उम्मीद की किरण जगाता है कि नीमच के लोग अब परेशान ना हो, हम पर भरोसा करें।