नीमच। योग से मनुष्य का शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास होता है। योग न केवल हमारे शरीर की मांसपेशियों का अच्छे व्यायाम में भी मदद करता है, वरन् तनाव का स्तर कम होता है। उक्त विचार योग से जुड़ी डॉ. माधुरी चौरसिया ने अग्र ज्योति महिला संस्था द्वारा किलेश्वर मंदिर में आयोजित एक दिवसीय योग शिविर में व्यक्त किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि डॉ. माधुरी चौरसिया, संगीता अग्रवाल एवं निशा शर्मा द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष दुर्गा गोयल, सचिव सोनू बंसल कोषाध्यक्ष रानी मित्तल ने किया। योग शिविर का प्रारम्भ में सूक्ष्म व्यायाम से किया गया। तत्पश्चात् पदमासन, वज्रासन, मत्स्यासन, वक्रासन, अर्धासन, पवनमुक्त आसन, नौकासन, मकरासन, धनुरासन, भुजंग आसन, शलभासन, सूर्य नमस्कार एवं शवासन कर किया गया। तत्पश्चात् महिलाओं के मनोरंजन के लिये योगा डान्स एवं ताली योग करवाया गया और कार्यक्रम के अंत में प्रणव ध्वनि, भस्त्रिका प्राणायाम, कपाल भाति प्राणायाम, महा बन्ध एवं अग्निसार क्रिया का अभ्यास करवाया गया। उक्त सम्पूर्ण क्रियाएँ डॉ. माधुरी चौरसिया, संगीता अग्रवाल एवं निशा शर्मा द्वारा करवाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएँ उपस्थित थी। कार्यक्रम के अंत में आभार अध्यक्ष दुर्गा गोयल ने माना।