खरगोन। शहर के बिस्टान रोड स्थित मैरेज गार्डन में विश्वकर्मा समाज के विवाह योग्य युवक - युवतियों परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। विश्वकर्मा महापंचायत के बैनर तले आयोजित समारोह में मंच से युवक- युवतियों ने समाजजनो, रिश्तेदारों और माता-पिता की उपस्थिति में अपने लिए योग्य वर- वधु की तलाश में बेबाकी से अपना और अपने परिवार का परिचय दिया। आयोजन के दौरान सृष्टि को अपनी सुंदर कारीगरी से तराशने वाले भगवान विश्वकर्मा का जयघोष गूंजायमान होता रहा। सम्मेलन में जिले सहित प्रदेश एवं अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में समाज के युवक- युवतियां एवं परिजन शामिल हुए। समारोह में बतौर अतिथि विश्वकर्मा महापंचायत के संरक्षक तरुण कुमार ने कहा कि सदियों से कायम परंपरा को बनाए रखना हम सब की जिम्मेदारी है। समाज में एक दूसरे का मान- सम्मान बनाए रखने से ही समाज की उन्नति संभव है। सन्तोष विश्वकर्मा ओर प्रदेश महामंत्री लखन कर्मा ने बताया कि सम्मेलन के दौरान प्रयास स्मारिका का अतिथियों ने विमोचन किया, इसमें 500 से अधिक विवाह योग्य युवक- युवतियों का बायोडाटा प्रकाशित है।