दलौदा। कुंचड़ोद संकुल केंद्र के ग्राम सेमलिया काजी में एक शिक्षक बिना कारण के ही लगातार अनुपस्थित पाए गए। संकुल प्राचार्य ने एकीकृत शासकीय स्कूल का औचक निरीक्षण किया। जिसमें एक शिक्षक 1 जून से ही लगातार अनुपस्थित पाया गया। यहां का शिक्षक लापरवाही बरतते हुए। लगातार 24 दिन से अनुपस्थित है। यहां प्राथमिक में 30 तो माध्यमिक में 35 विद्यार्थी अध्यनरत हैं। इनको पढ़ाने के लिए प्रधान अध्यापक सहित तीन शिक्षक हैं। अगर इस तरह शिक्षक ही लापरवाह बने हुए हैं तो ग्रामीण क्षेत्र में पढ़ाई कैसे हो रही होगी। अधिकारियों को भी समय-समय पर स्कूल में जाकर औचक निरीक्षण करना चाहिए। ताकि इस तरह की शिक्षकों की लापरवाही सामने आ सके और शिक्षा के स्तर में भी सुधार हो।
जानकारी अनुसार दोपहर 12 पीएम श्री शाउमावि कुचड़ोद के संकुल प्राचार्य ने सेमलिया काजी में शासकीय स्कूल का औचक निरीक्षण किया। जहां 1 जून से ही शिक्षक गोवर्धन सिंह वसुनिया अनुपस्थित पाए गए।
प्रधान अध्यापक नंदराम सोलंकी ने बताया कि अनुपस्थित शिक्षक से अब तक संपर्क नहीं हो पाया है। फोन लगाने पर फोन भी नहीं लग रहा है। लोकसभा परिणाम के दिन फोन पर बात हुई थी। तब स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया था कि मेरी ड्यूटी लगी हुई है। उसके बाद संपर्क नहीं हो पाया।
संकुल प्राचार्य जीएस सूर्यवंशी ने बताया कि सेमलिया काजी में प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था। जहां पदस्थ शिक्षक गोवर्धन सिंह वसुनिया 1 जून से ही 24 जून तक लगातार अनुपस्थित पाए गए। लापरवाही बरतने वाले शिक्षक की उपस्थिति रजिस्टर में अनुपस्थिति लगा दी गई है। जानकारी विकासखंड जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दी है।