मुरैना। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सोमवार की दोपहर मुरैना शहर में संचालित गुड़ बनाने के प्लांट का औचक निरीक्षण किया। प्लांट पर गंदगी के बीच गुड़ बनता पाया गया। यहां बन रहे गुड़ के सेंपल लेने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गंदगी व असुरक्षित तरीके से गुड़ का निर्माण करने पर प्लांट के संचालक को नोटिस देने की तैयारी कर ली है।
खाद्य सुरक्षा विभाग को शिकायत मिली, कि राठौर कालोनी में गुड़ बनाने का प्लांट है, जहां मिलावटी गुड़ का निर्माण किया जाता है। सूचना के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण सेंगर, अनिल प्रताप सिंह परिहार राठौर कालोनी में चल रहे मयंक ट्रेडर्स नाम के प्लांट पर पहुंचे, जहां एक भटी पर बड़ी कढ़ाई में गुड़ बनते मिला। प्लांट पर चारों ओर कचरा व गंदगी पसरी हुई थी। जब खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने भटी पर कढ़ाई में उबल रहे गुड़ को देखा तो उसके साथ पन्नियां भी उबल रहीं थीं। इन्हें बाहर निकलवाकर देखा तो बड़े-बड़े आकार की दो पालीथिन थीं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण सेंगर ने गुड़ बनाने वाली कढ़ाई में पालीथिन डाले जाने का कारण पूछा तो वहां मौजूद कोई कर्मचारी या गुड़ बना रहे मजदूर जवाब नहीं दे पाए। प्लांट पर गुड़ बनाने के लिए वनस्पति के अलावा कुछ पाउडर जैसे पदार्थ के बोरे भी रखे हुए थे। एक कमरे में सैकड़ों क्विंटल गु़ड़ भरा हुआ था। मौके पर पुराना व खराब हो चुका गुड़ भी रखा था, इससे अनुमान है, कि इसे नए गुड़ में मिलाकर नया गुड़ बनाया जाता है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नए व पुराने गुड़ के सेंपल लिए हैं। प्लांट पर गंदगी के बीच बन रहे गुड़ और कढ़ाई में पालीथिन उबलने के मामले में प्लांट संचालक बंगाली गोयल को खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस देने की तैयारी की जा रही है।