नीमच। विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं के वोट आकर्षित करने के लिए मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना का खूब ढिंढोरा पीटा गया। अब मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत कंपनी नीमच वृत्त में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु स्टाइपेंड ना मिलने से परेशान होकर आज कलेक्टर कार्यालय जनसुनवाई में पहुंचे। प्रशिक्षकों का कहना था कि हम लोग पिछले 10 माह से मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के अंतर्गत विद्युत मंडल में कार्य कर रहे हैं। यहां दूर-दूर से आकर हम किराए के मकान में रहते हैं। तीन महीने से स्टाइपेंड ना मिलने से हमें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशिक्षुआंे ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिन में हमें स्टाइपेंड नहीं मिला तो हम हड़ताल पर चले जाएंगे। सरकार ने चुनाव से पहले वादा किया था की ट्रेनिंग के बाद सबको रोजगार देंगे। अब हमारी ट्रेनिंग में दो महीने और शेष बचे हैं।हमारा भविष्य खतरे में है।