शाजापुर। शहर के वार्ड नंबर 25 मूलीखेड़ा में स्थित द्वारिकापुरी कॉलोनी के रहवासियों ने विद्युत पोल लगाएं जाने की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम जनसुनवाई में आवेदन दिया।
गोवर्धन जोशी और रहवासियों ने आवेदन में बताया यह कालोनी 2016 से है यहां करीबन 250 परिवार रहते हैं। इन परिवारों को अवैध कालोनी बताकर बिजली कंपनी ने अस्थाई कनेक्शन दिए। 2 हजार फीट दूर से केबल लाकर हमने कनेक्शन ले रखे हैं।
केबल को लकड़ी और लोहे के पाइप के सहारे लाया गया है, ये नीचे लटकते रहते हैं। तारों के नीचे लटकने से विगत दिनों पांच गायें करंट की चपेट में आ गई जिससे उनकी मौत हो गई।
रहवासियों के लिए भी जान का खतरा बना हुआ है। हमारी कालोनी में शीघ्र ही बिजली कंपनी विद्युत पोल लगाकर स्थायी कनेक्शन दें। इसके लिए जो भी राशि है, वह हम जमा करने के लिए तैयार है। हमारी कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है।