उज्जैन। पंडित विजय रावल ने मंत्र योग नाम से एक ऐसा मोबाइल एप बनवाया है, जिसके जरिए 24 तरह की बीमारी, अन्य लक्षण या विकार को मंत्रों से ठीक किया जाएगा। यह एप सभी के लिए फ्री है। पंडित रावल का दावा है कि एप में मंत्रों से अवसाद, डायबिटीज, तनाव, अपच, मेंटल हेल्थ जैसी समस्या का समाधान भी किया जा सकेगा। यह एप दुनिया का पहल मेडिटेशन मंत्र एप है।
पंडित विजय रावल ने बताया कि आजकल की लाइफ स्टाइल में कई तरह के विकार हो रहे हैं। खासकर आजकल के छात्र जीवन में भी बीपी, डायबिटीज सहित कई ऐसे विकार हैं, जो बहुत कॉमन हो चुके हैं। मोबाइल भी अमूमन सभी के पास हैं। ऐसे में हमने मोबाइल और मंत्रों को जोड़कर इन विकारों को दूर करने का सोचा, इसलिए गूगल एप और आईओएस के लिए भी मंत्रयोग नाम से एप बनाया है।
एप पहले पेज पर 24 कैटेगरी हैं। इसी में याददाश्त बढ़ाने के लिए, थकान, अपच, एंजाइटी, मधुमेह, एनर्जी बूस्टर, स्ट्रेस, अनिंद्रा, प्रिग्नेंसी, एंटी एज, ब्लड प्रेशर, एसिडिटी, डिप्रेशन जैसे मुश्किल दिखने वाले विकारों को मंत्रों से ठीक करने का दावा किया गया।
अलग - अलग मंत्र और इनका समय भी निर्धारित
पंडित रावल ने बताया कि एप में वैदिक मंत्रों को साउंड इफेक्ट से सुन सकते हैं। वेद मंत्र डाले गए हैं, जिन्हें वैदिक मंत्र के जानकार से रिकॉर्ड करवाया गया। ॐ का उच्चारण कैसे करें, ये भी बताया गया। हर दिन के अलग - अलग मंत्र और उनका समय भी निर्धारित किया गया है। वैदिक मंत्रों पर आधारित मोबाइल एप्लिकेशन को दो भाषाओं हिंदी और इंग्लिश में शुरू किया गया है। इसे दो माह में एक हजार से अधिक लोग डाउनलोड कर चुके हैं।