नीमच। खुद भी नशा नहीं करेंगे और अन्य लोगों भी नशा नहीं करने के लिए प्रेरित करेंगे। इस बात का संदेश देते हुए आज 26 जून अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर नीमच में भारत माता फोर ज़ीरो चौराहा पर एक विशाल मानव श्रृंखला बनाई गई और विशाल रैली निकाली गई।
जिला प्रशासन और रेड क्रॉस नशा मुक्ति केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना द्वारा समाज और प्रदेश को नशा मुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर ब्रह्मकुमारी ,गायत्री परिवार, सर्वहित सामाजिक सेवा समिति, समर्पण फाउंडेशन स्कूल शिक्षा विभाग,नगर पालिका, जन अभियान परिषद, मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग, पेंशनर महासंघ, साक्षी फाउंडेशन आदि समाज सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल हूए।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत मां की छवि पर मलियार्पण के साथ हुई। रैली के दौरान नशा मुक्ति के पेंपलेट और स्टिकर का वितरण किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना, डॉ निरुपा झा, डॉ आर खद्योत, सुरेंद्र कुमार जैन, गिरिराज सिंह चौहान,राकेश वर्मा, किशोर बागड़ी मंचासीन रहे। इस दौरान स्वीप की गतिविधियों के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान को लेकर रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्राओं को प्रशंसा पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन सुनील तिवारी ने किया।