नीमच। शहर की सब्जी मंडी से महात्मा ज्योतिबा फुले और सरस्वती बाई फुले की प्रतिमा के आगे लगाया गया स्थाई अतिक्रमण नगर पालिका द्वारा हटाया गया। सब्जी मंडी में हुए अतिक्रमण को लेकर बार-बार शिकायत की जा रही थी। इस बारे में कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों के अलावा सीएम हेल्पलाइन पर भी स्थाई अतिक्रमण हटाने की बात फूलमाली सैनी समाज द्वारा की गई।
फूलमाली सैनी समाज के अध्यक्ष मोहनलाल सैनी का कहना है कि हमें अस्थाई रूप से ठेले लगाने पर कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन दुकानदार द्वारा एंगल गाढ़कर स्थाई अतिक्रमण कर लिया गया। बार-बार समझाने के बावजूद दुकानदार ने अतिक्रमण नहीं हटाया। प्राप्त आदेश के आधार पर आज टेकचंद बुनकर नगरपालिका का अमले के साथ जेसीबी लेकर पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।