श्योपुर। बुधवार को बिजली और पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने श्योपुर-शिवपुरी हाईवे के गोरस चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की।
करहल विकासखंड के गोरस गांव के लोग हाथ में बर्तन लेकर बिजली कंपनी पर मनमानी करने के आरोप लगाते हुए सुबह 9 बजे से करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन करते रहे। जिससे श्योपुर-शिवपुरी हाईवे पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया।
मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गई। सूचना के बाद कराहल एसडीएम ऊधम सिंह और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद अधिकारियों के आश्वासन पर मामला शांत हुआ और जाम खोला गया।
ट्रांसफॉर्मर खराब होने से थे नाराज
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से गांव में लगा बिजली का ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया था। जिसकी वजह से पानी की बोरिंग भी नहीं चल पा रही थी। इन हालातो में बिजली के साथ पानी की समस्या भी निर्मित होने लगी है। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने कई बार बिजली कंपनी के अधिकारियों से की, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर परेशान होकर चक्का जाम करना पड़ा है।
इसके बाद कराहल एसडीएम ऊधम सिंह ने ग्रामीणों को ट्रांसफॉर्मर जल्द सुधरवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोला गया। इस दौरान मार्ग पर सैकड़ों वाहन चालक परेशान होते रहे।