उमरिया। जिले के बिरसिंहपुर पाली के मंगठार में स्थित संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र की 210 मेगावाट की यूनिट में उत्पादन ठप हो गया। जानकारी के बाद अधिकारी मौके पर पहुंच कर सुधार कार्य में जुट गए हैं। यूनिट में वॉयलर ट्यूब लीकेज के कारण उत्पादन ठप होना बताया जा रहा है।
बता दें कि गर्मी और खेती को लेकर बिजली की मांग बढ़ी हुई। इसी बीच उत्पादन ठप होने के से बिजली संकट भी गहरा सकता है। गुरुवार को सुबह लगभग 10 बजे ताप विद्युत केंद्र की 210 मेगावाट की इकाई नम्बर 3 में वॉयलर ट्यूब लीकेज के कारण उत्पादन ठप हो गया।
जानकारी के बाद अधिकारी जांच में जुटे हुए हैं। संजय गांधी ताप विद्युत के अधिकारी शशिकांत मालवीय ने बताया कि यूनिट में ट्यूब लीकेज के कारण उत्पादन बंद कर दिया गया है। उत्पादन शुरू होने में लगभग दो दिन लग सकते हैं।