भोपाल। मुनिश्री प्रमाण सागर महाराज का 58वां वर्ष वर्धन दिवस गुरूवार को श्रावकों एवं पंचायत कमेटी ने धूमधाम से मनाया। पंचायत कमेटी ट्रस्ट भोपाल के अध्यक्ष मनोज बांगा एवं मंत्री मनोज आर एम ने बताया कि मुनिश्री एमपी नगर मंदिर में विराजमान हैं। जहां उन्होंने ट्रस्ट कमेटी के साथ मंदिर का भ्रमण कर अपना मार्ग दर्शन दिया।
पूज्य आचार्यश्री विद्यासागर महाराज के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्जवलन भोपाल के बाहर से पधारे अतिथि मनोज आर एम, दिलीप मिंगु, अमित तडैया , राकेश वेक ने किया। अपूर्व अवसर पर पूज्य मुनिश्री के पाद प्रक्षालन का अवसर रमेश चंद्र कोलकाता, कुसुम और अतुल को प्राप्त हुआ।
मुनिश्री ने कहा कि मनुष्य का जन्म कहीं भी हो लेकिन उसका जीवन कैसा हुआ यह महत्वपूर्ण है। किसी का जन्म राजमहल में हो या किसी का कुटिया में हो लेकिन उसने जीवन को किस तरह जिया यह देखने योग्य होता है, जैसे किसी कुटिया में रहने वाला व्यक्ति भी अपने को उत्कृष्ट बना सकता है।
जन्म एक घटना है जीवन एक रचना है-मुनिश्री
मनिश्री ने कहा कि व्यक्ति के जीवन की तो तिथि निश्चित है लेकिन मरण कोई निश्चित नहीं है। महत्वपूर्ण जन्म नही महत्वपूर्ण जीवन है। मैं कहां जन्मा यह कोई विशेष नही, मैने जीवन कैसे जिया यह महत्वपूर्ण है। मेरा जन्म तो उस दिन हुआ जिस दिन मैंने मोक्ष मार्ग पर अपना प्रथम कदम बढ़ाया था लेकिन सांसारिक वर्ष वर्धन दिवस को आप मनाना चाहते हैं तो इस वर्ष सभी यह प्रण लें कि पर्यावरण की रक्षा हम मिलकर करेंगे। आज लगभग 15 लाख वृक्षों की आवश्यकता है आप सभी अपने अपने स्तर पर अधिक से अधिक वृक्ष लगाए पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए सभी को योजना बनाकर वृक्ष लगाना चाहिए ।
पंचायत कमेटी ट्रस्ट के मंत्री मनोज आर एम ने बताया कि 58 वें वर्ष वर्धन दिवस के अवसर पर पंचायत कमेटी ट्रस्ट द्वारा 580 वृक्ष लोगों को बांटे गए। साथ ही निवेदन किया कि अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उन्हें बढ़ाकर देश व समाज सेवा में अपना सहयोग दें। इस अवसर पर समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित थे जिनमें मनोज आर एम, दिलीप मिंग, अमित तड़ैया, विजय मोदी, प्रदीप स्वीट, अरविंद जैन रोडवेज,अशोक सराफ, राकेश,देवेंद्र रुचि,,आदिश जैन, अरविंद सुपारी मौजूद रहे।