गुना। जल है तो कल है, सांसें हो रही हैं कम आओ वृक्ष लगाएं हम जैसे नारों की अवधारणा को साकार करते हुए श्रीजी वाटिका क्लब ने मानसून की शुरुआत होते ही पौधारोपण किया। उन्होंने शहरवासियों से भी ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने की अपील की है।
श्रीजी वाटिका क्लब की सदस्यों ने एक निजी फार्म हाऊस पर पौधारोपण करते हुए संकल्प लिया है कि वे अपने-अपने घरों में भी एक-एक पौधा लगाएंगी ताकि पर्यावरण बचाने में योगदान दिया जा सके। इसी के साथ महिलाओं ने लगाए गए पौधों का संरक्षण करने का भी संकल्प लिया है। महिलाओं ने कार्यक्रम के दौरान कई तरह के स्लोगन भी दोहराए और मिल-जुलकर पर्यावरण को बचाने व वातावरण को स्वच्छ बनाने का बीड़ा उठाया है।
क्लब की संस्थापक रजनी बिंदल ने बताया कि आने वाली पीढ़ी खुली और स्वच्छ हवा के बीच सांस ले सके, इसलिए पौधों की कटाई करने नहीं बल्कि पौधे लगाने की आवश्यकता है। इस मौके पर क्लब की संस्थापक रजनी बिंदल, अध्यक्ष सिद्धि गुप्ता, कोषाध्यक्ष रितू सलूजा, सचिव निशि खंडेलवाल, मीडिया प्रभारी अंशु अग्रवाल और क्लब की सदस्य मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संयोजन संगीता अग्रवाल और चंचल गर्ग ने संभाला।