उज्जैन। टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की जीत के लिए पूजा-पाठ, प्रार्थनाएं हो रही हैं। उज्जैन में महाकाल मंदिर के परिसर में स्थित श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में गणपति अथर्वशीष पाठ हुआ। भगवान के समक्ष इंडियन टीम के क्रिकेटर्स की फोटो रखकर जीत की कामना की गई।
सिद्धि विनायक मंदिर के पुजारी चम्मू गुरु ने कहा कि हर भारतीय यही चाहता है कि टीम इंडिया वर्ल्ड कप लेकर लौटे। इसीलिए भगवान महाकाल और श्री गणेश से भारतीय टीम की जीत की प्रार्थना की है। श्रद्धालु दर्शन के दौरान अपने साथ टीम इंडिया का फोटो भी लेकर आए थे।
टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल मैच आज रात 8 बजे इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच बारबाडोस के ब्रिजटाउन में खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में दोनों टीमें अब तक एक भी मैच नहीं हारी हैं।आज से पहले दोनों टीमें कभी टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में नहीं भिड़ीं।
टीम इंडिया को 2007 से टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी का इंतजार
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच आज रात 8 बजे से टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल होगा। टीम इंडिया को 2007 से इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी का इंतजार है, जबकि साउथ अफ्रीका ने आज तक एक भी वर्ल्ड कप नहीं जीता। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने 7 नॉकआउट मैच खेले, 4 जीते और 3 गंवाए। साउथ अफ्रीका इस बार सेमीफाइनल जीती। यह वर्ल्डकप के नॉकआउट मुकाबलों में उसकी पहली जीत है। इससे पहले टीम ने 2 सेमीफाइनल गंवाए थे।