भोपाल। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम जारी किया है। कलेक्टरों को दिए निर्देश में 12 सितंबर को फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन करने के लिए कहा है।
मतदाता सूची एक जनवरी 2024 के आधार पर बनाई जाएगी। मतदाता सूची बनाने का यह कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह का कार्यकाल आगामी आदेश तक बढ़ाए जाने के सरकार के फैसले के बाद जारी किया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव अभिषेक सिंह ने बताया कि वोटर लिस्ट बनाने के लिए जिलों में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण और मास्टर ट्रेनर्स की नियुक्ति और उनका प्रशिक्षण 2 जुलाई 2024 तक किया जाएगा।
इसके बाद मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तिकरण का प्रस्ताव तैयार कर रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को 4 जुलाई तक दिया जाएगा। पूरी प्रक्रिया नियमानुसार निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिए गए हैं। गौरतलब है कि राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह का कार्यकाल 30 जून को खत्म हो रहा है। ऐसे में नए राज्य निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति की संभावना के चलते आयोग के सचिव ने अब तक कार्यक्रम जारी नहीं किया था। अब जबकि सामान्य प्रशासन विभाग ने 28 जून को आदेश जारी कर आयुक्त के रूप में नए उत्तराधिकारी की नियुक्ति होने तक बसंत प्रताप सिंह को इस पद पर काबिज रखा है तो आयोग के सचिव ने मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
ऐसे चलेगी मतदाता सूची बनाने की प्रक्रिया
फोटो युक्त प्रारूप मतदाता सूची का विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 19 जुलाई को किया जाएगा। मतदाता सूची पर दावे आपत्ति 19 जुलाई से 2 अगस्त तक लिए जाएंगे। दावे आपत्तियों के निराकरण की अंतिम तिथि 9 अगस्त है। फोटो युक्त अंतिम मतदाता सूची का विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 12 सितंबर 2024 को किया जाएगा।