नागदा। इलेक्ट्रॉनिक्स सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की दिव्यांगजनों के लिए बनी समिति के चेयरमैन डॉ पंकज मारू ने दिल्ली से नागदा लौटने पर बैठक में लिए निर्णयों के बारे में शनिवार को जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन ऐसे सिस्टम लगेंगे जिससे ट्रेन संबंधी होने वाली उद्घोषणा को श्रवणबाधित भी समझ सके। बौद्धिक दिव्यांगजानों के लिए भी 100 करोड़ रुपए से परियोजना तैयार हो रही है।
आगामी तीन वर्षों में दिव्यांगजानों के लिए किए जा रहे काम धरातल पर दिखाई देंगे। दिल्ली में हुई बैठक में दो परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई जिसमें चलचित्र वाचना परियोजना जो श्रवण बाधित एवं दृष्टि बाधित दिव्यांगजनों की सुगम्यता में अभीवृद्धि करेगी।
परियोजना में किसी भी वीडियो को अपलोड करने पर सिस्टम उसे सांकेतिक भाषा में परिवर्तित कर देगा। इसी प्रकार विभिन्न वेब साइट की दिव्यांगजनों की सुगमताओं को मानकों के अनुरूप जांचने एवं उसके प्रमाणन के लिए एक प्रोग्राम तैयार किए जाने का निर्णय भी लिया।