भोपाला। टीम इंडिया ने टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीत लिया। भारत ने शनिवार रात फाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका को 7 रन से हरा दिया। बारबाडोस के ब्रिजटाउन में हुए इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और विरोधी टीम को 177 रन का लक्ष्य दिया।
साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 169 रन बनाए। इसी के साथ भारतीय टीम ने आईसीसी ट्रॉफी के 11 साल के सूखे को खत्म कर दिया। भारत ने आखिरी आईसीसी टूर्नामेंट 2013 में जीता था।
टीम इंडिया की जीत पर भोपाल से लेकर इंदौर, ग्वालियर से लेकर जबलपुर तक प्रदेशभर में जश्न का माहौल है। देर रात भारतीय टीम के फैन्स हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतर आए। भारत माता की जय, वंदे मातरम्, इंडिया-इंडिया के नारे गूंजे।
जमकर आतिशबाजी की गई। लोग ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते नजर आए। एक-दूसरे को जीत की बधाई दी। मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी टीम इंडिया को शुभकामनाएं दी हैं।