भोपाल। प्रदेश में सीधी भर्ती से पदों को भरने की प्रक्रिया के तहत, लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने संविदा पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यरत चिकित्सकों को अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने का निर्णय लिया है।
यह प्रमाण पत्र इसलिए जारी किए जाएंगे ताकि पीएससी (लोक सेवा आयोग) के माध्यम से होने वाली सीधी भर्ती में संविदा पर काम करने वाले चिकित्सकों को उनके अनुभव का लाभ मिल सके और रिक्त पदों में से 50 प्रतिशत पदों पर आरक्षण दिया जा सके।
लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने संविदा पर नियुक्त डॉक्टर्स को सीधी भर्ती में नियमित पदों पर आवेदन करने के लिए अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने का फैसला किया है।
इसके विभाग के आयुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों, मिशन संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और संचालक राज्य बीमा सेवाएं इंदौर को निर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि पीएससी के माध्यम से की जाने वाली विशेषज्ञ और चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती में नियमित पदों पर आवेदन बुलाए जा रहे हैं।
आने वाले दिनों में इसके विज्ञापन जारी होंगे। इसलिए संविदा पर नियुक्त चिकित्सकों को 50 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिलाने के लिए संविदा सेवा अनुभव प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। इसके आधार पर ही एमपी पीएससी द्वारा संविदा के लिए 50 प्रतिशत आरक्षित सीटें तय की जाएंगी।